नई दिल्ली। दिल्ली में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और यातायात की सुगमता के लिए लोक निर्माण विभाग के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने शुक्रवार को पांच सौ करोड़ की लागत से सोनिया विहार पुश्ता पर छह किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड के निर्माण की घोषणा की। यह एलिवेटेड रोड नानकसर गुरुद्वारा टी-पॉइंट से दिल्ली-यूपी बॉर्डर (ट्रोनिका सिटी) तक बनाया जाएगा।
प्रवेश वर्मा ने बताया कि दिल्ली सरकार के मंत्री व स्थानीय विधायक कपिल मिश्रा लंबे समय से सोनिया विहार क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे थे। इस क्षेत्र में यातायात की गंभीर समस्या को देखते हुए पीडब्ल्यूडी ने फ्लाईओवर निर्माण का निर्णय लिया है, जिससे स्थानीय निवासियों को राहत मिलेगी।
उन्होंने बताया कि एलिवेटेड रोड की लंबाई लगभग साढ़े पांच से छह किलोमीटर होगी। एलिवेटेड के खंभे सड़क के दोनों ओर बनाए जाएंगे और इसकी अनुमानित लागत पांच सौ करोड़ रुपये रहेगी। इसका निर्माण पीडब्ल्यूडी और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार (जीएनसीटीडी) द्वारा किया जाएगा। इसकी अनुमति सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग (जीएनसीटीडी) द्वारा दी जाएगी।
प्रवेश वर्मा ने कहा कि मंत्री कपिल मिश्रा इस सड़क के निर्माण के लिए लंबे समय से प्रयासरत थे। सोनिया विहार के लोगों को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए यह प्रोजेक्ट बहुत जरूरी था। हालांकि क्षेत्र में बड़ी संख्या में पेड़ होने के कारण हमने अब एलिवेटेड फ्लाईओवर बनाने का निर्णय लिया है। मंगलवार को हमने इस विषय पर मुख्यमंत्री से भी चर्चा की और उन्होंने इस प्रोजेक्ट को स्वीकृति दे दी है। इस फ्लाईओवर से दिल्ली के बुनियादी ढांचे को नई गति मिलेगी, यातायात की समस्या कम होगी और क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी। हमारा संकल्प दिल्ली के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है।
उन्होंने कहा कि इस एलिवेटेड रोड के निर्माण से दिल्ली और यूपी के ट्रॉनिका सिटी के बीच यातायात सुगम होगा। क्षेत्र में जाम की समस्या दूर होगी और स्थानीय निवासियों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। पीडब्ल्यूडी इस प्रोजेक्ट को जल्द से जल्द शुरू करने के लिए सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर रहा है।
