केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने आयुष्मान बीमा योजना के तहत पंजाब राज्य स्वास्थ्य एजेंसी की लंबित बकाया राशि जारी करने पर सहमति जताई है। स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह को आश्वासन दिया कि कुछ औपचारिकताएं पूरी होने के बाद योजना के सफल संचालन के लिए लगभग 50 करोड़ रुपये जारी कर दिए जाएंगे।
डॉ. बलबीर सिंह ने यह घोषणा करते हुए यह भी बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने वैध पर्चे के बिना प्रतिबंधित साइकोट्रोपिक दवाएं बेचने वाली ई-फार्मेसियों पर सख्त नियम लागू करने के उनके प्रस्ताव पर सहमति जताई है। डॉ. बलबीर ने नड्डा से अनुरोध किया कि प्रीगैबलिन और टैपेंटाडोल को औषधि नियम, 1945 की अनुसूची एच1 में शामिल किया जाए।
