नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आज आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पहले आयुष्मान कार्ड जारी होने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आयुष्मान कार्ड देकर भाजपा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव का सबसे बड़ा संकल्प पूरा किया है।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि आज केंद्र सरकार एवं दिल्ली सरकार के बीच समझौते के साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने दिल्ली वालों को 30 आयुष्मान कार्ड देकर शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि इस आयुष्मान भारत योजना का लाभ जल्द ही दिल्ली के 30 लाख निम्न आय वर्ग के लोगों के साथ 70 वर्ष से अधिक आयु के लगभग छह लाख बुज़ुर्गों तक पहुंचेगा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि आयुष्मान कार्ड के लाभार्थी यहां दिल्ली सरकार के पांच लाख रुपये के टापअप के साथ दस लाख रुपये तक का निशुल्क इलाज पा सकेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली भाजपा मंडल स्तर पर आयुष्मान कार्ड जारी करवाने के लिए दिल्ली के लोगों को प्रोत्साहित करने के लिए जागरूकता अभियान चलाएगी।
