नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा प्रवक्ता प्रवीण शंकर कपूर ने आज कहा कि आम आदमी पार्टी (आआपा) शासित दिल्ली नगर निगम ने जानबूझकर दिल्ली की जनता पर कूड़ा उठाने के नाम पर यूजर्स सरचार्ज लगाया है। उन्होंने कहा कि ऐसा सरचार्ज पहले भी 2021 में तत्कालीन पूर्वी दिल्ली नगर निगम के आयुक्त ने लगाने की कोशिश की थी। उस समय इस सरचार्ज पर भाजपा के महापौर ने रोक लगाई थी।
दिल्ली भाजपा प्रवक्ता ने गुरुवार को एक बयान जारी करते हुए कहा कि आज दिल्ली के महापौर महेश कुमार केवल इसी पर बयानबाजी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महापौर ने आज तक न इस विषय पर निगम सदन की बैठक बुलाई न ही निगमायुक्त को यूजर्स सरचार्ज वसूली रोकने का निर्देश दिया है।
दिल्ली भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि दिल्ली के 75 फीसद लोग अपने घरों का कूड़ा निजी सफाई कर्मियों से पांच से सौ रुपये देकर उठवाते हैं। इसका सालाना खर्च अधिकतम 1200 रुपये है जबकि दिल्ली नगर निगम द्वारा प्रस्तावित यूजर्स सरचार्ज की न्यूनतम दर 1200 रुपये प्रति वर्ष है।
कपूर ने कहा कि वर्तमान में दिल्ली नगर निगम के पास दिल्ली के 70 फीसद क्षेत्रों में घरों, दुकानों से कूड़ा उठाने के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। इन लोगों से यूजर्स सरचार्ज को संपत्ति कर के साथ वसूलना पूरी तरह गैर कानूनी भी है।
दिल्ली की आरडब्ल्यूए की अंब्रेला संस्था “ऊर्जा” भी यूजर्स सरचार्ज का विरोध कर रही है। भाजपा का मानना है कि दिल्ली नगर निगम यूजर्स सरचार्ज वसूली रोक कर पहले आरडब्ल्यूए, ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी और व्यापारिक संस्थानों के साथ बैठक करके उनकी सलाह ले।
