भारतीय जनता पार्टी ने पार्टी सांसदों निशिकांत दुबे और दिनेश शर्मा द्वारा सर्वोच्च न्यायालय और भारत के मुख्य न्यायाधीश पर की गई विवादास्पद टिप्पणियों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है और उनसे खुद को अलग कर लिया है।
दोनों सांसदों को भी ऐसी टिप्पणियां करने से बचने को कहा गया है।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया पर कहा कि उनके द्वारा दिए गए बयानों से भारतीय जनता पार्टी का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि ये उनके निजी बयान हैं, लेकिन भाजपा ऐसे बयानों से न तो सहमत है और न ही उनका समर्थन करती है।
श्री नड्डा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा न्यायपालिका का सम्मान किया है और उसके आदेशों और सुझावों को सहर्ष स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी का मानना है कि देश की सभी अदालतें हमारे लोकतंत्र का अभिन्न अंग हैं और संविधान की सुरक्षा का मजबूत स्तंभ हैं।
