प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने में भारत और सऊदी अरब की स्वाभाविक रुचि है। सऊदी अरब की अपनी दो दिवसीय ऐतिहासिक यात्रा से पहले अरब न्यूज़ को दिए गए एक विशेष साक्षात्कार में प्रधानमंत्री ने सऊदी अरब को एक भरोसेमंद दोस्त और रणनीतिक सहयोगी बताया और इस बात पर ज़ोर दिया कि 2019 में रणनीतिक साझेदारी परिषद के गठन के बाद से द्विपक्षीय संबंधों में काफ़ी विस्तार हुआ है।
साझा आर्थिक महत्वाकांक्षाओं पर प्रकाश डालते हुए, श्री मोदी ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भी दोनों देशों के बीच व्यापार बढ़ा है, जिसमें ऊर्जा, कृषि और उर्वरक प्रमुख क्षेत्र हैं। उन्होंने सऊदी और भारतीय व्यवसायों के बीच गहन एकीकरण का स्वागत किया, विशेष रूप से हरित हाइड्रोजन और प्रौद्योगिकी जैसे उभरते क्षेत्रों में।
