प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत हर आतंकवादी और उसके समर्थकों की पहचान करेगा, उनका पता लगाएगा और उन्हें दंडित करेगा। उन्होंने कहा कि भारत उन्हें धरती के छोर तक खदेड़ देगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवाद को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा और पूरा देश इस संकल्प पर अडिग है। प्रधानमंत्री ने कल राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर मधुबनी जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही।
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि आतंकवाद से देश की आत्मा कभी नहीं टूटेगी।
प्रधानमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि मानवता में विश्वास रखने वाला हर व्यक्ति भारत के साथ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि इस घटना से पूरा देश दुखी और व्यथित है तथा पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।
