नई दिल्ली ने कहा कि अगर इस्लामाबाद ने स्थिति को और बिगाड़ा तो वह जवाबी कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार है। भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान पर सटीक मिसाइल हमले किए हैं। 25 मिनट तक चले इस ऑपरेशन के तहत भारतीय सशस्त्र बलों ने कल देर रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में नौ आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइल से हमला किया। यह हमला पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में किया गया।
भारत ने ये सैन्य हमले रात 1:05 बजे से 1:30 बजे के बीच किए। इस जवाबी कार्रवाई में भारतीय सशस्त्र बलों ने उन आतंकवादी ढांचों को निशाना बनाया, जहां से भारत के खिलाफ आतंकवादी हमलों की योजना बनाई गई थी और उन्हें निर्देशित किया गया था। पिछले महीने की 22 तारीख को जम्मू-कश्मीर में घातक पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी और कई लोग घायल हो गए थे।
