नई दिल्ली। दिल्ली कांग्रेस ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जबाव दे रही भारतीय सेना के साहस और पराक्रम के सम्मान में शुक्रवार को जंतर-मंतर पर जय हिन्द यात्रा निकाली। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव के आह्वान पर इस यात्रा में कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता जंतर-मंतर पर पहुंचे।
जय हिंद यात्रा को कांग्रेस कोषाध्यक्ष अजय माकन, संगठन महासचिव केसी वेनुगोपाल, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव और पवन खेड़ा ने तिरंगा दिखाकर जंतर-मंतर से यात्रा शुरू की। इस अवसर पर कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट और दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन भी मौजूद थे।
देवेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने स्पष्ट कर दिया है कि संकट के समय दलगत राजनीति से ऊपर उठकर आतंकवाद और पाकिस्तान के खिलाफ देशहित में हर तरह की सैनिक कार्रवाई सहित सुरक्षा की दिशा में हम मन, वचन और कर्म से भारत सरकार के साथ है। पाकिस्तान के विरोध में भारत सरकार के प्रत्येक बड़े फैसले को कांग्रेस पार्टी का पूरा सहयोग और समर्थन रहेगा।
देवेंद्र यादव ने कहा कि जय हिन्द यात्रा के द्वारा देशवासियों तिरंगे की रक्षा और सुरक्षा के लिए एकजुट रहने का संदेश दिया गया है। देवेंद्र यादव ने कहा कि जय हिन्द यात्रा भारतीय सेना के मनोबल को मजबूत करने निकाली गई। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार देश के सभी राज्यों सहित दिल्ली में दिल्ली कांग्रेस के कार्यकर्ताओं जय हिन्द यात्रा निकाली।
