नई दिल्ली, 17 मई । मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अस्पतालों में दवाइयां, स्टॉफ और आधारभूत सुविधाओं की कमी नहीं होने देंगे। पिछली सरकार द्वारा छोड़े गए अस्पतालों में अधूरे कामों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। यह बातें मुख्यमंत्री ने शनिवार को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल के निरीक्षण के दौरान पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संजय गांधी अस्पताल पर बहुत जल्द दबाव है। इस अस्पताल में हर दिन 27 सौ मरीज ओपीडी में देखे जाते हैं। यहां आस-पास कोई दूसरा बड़ा अस्पताल नहीं है।
उन्होंने बताया कि संजय गांधी अस्पताल में जो नई बिल्डिंग बननी शुरू हुई है वह सालों से अधूरी पड़ी है। आज हमने इसका निरीक्षण किया, इसे तुरंत पूरा करने के लिए निर्देश दे दिए। बिल्डिंग को पूरा करने के लिए पैसे की कोई कमी नहीं आएगी। बिल्डिंग बनाने के बाद निश्चित रूप से अस्पताल में बेडों की संख्या में बढ़ोतरी होगी।
मुख्यमंत्री ने सभी अस्पतालों को निर्देश दिया है कि उनमें दवाइयों, स्टाफ और आधारभूत सुविधाओं की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान दे रही है।
