सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) दुनिया के सबसे बड़े और सबसे कुशल सार्वजनिक ई-खरीद प्लेटफॉर्म में से एक के रूप में उभरा है, जिसने पहुंच और सामर्थ्य में नए मानक स्थापित किए हैं। GeM के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मिहिर कुमार ने कल GeM के 8वें निगमन दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए यह बात कही। श्री कुमार ने कहा कि GeM ने 10 लाख से अधिक सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों, 1.3 लाख कारीगरों और बुनकरों, 1.84 लाख महिला उद्यमियों और 31 हजार स्टार्टअप को अपने साथ जोड़ा है। उन्होंने कहा, केवल 8 वर्षों में, GeM सार्वजनिक खरीद में एक परिवर्तनकारी शक्ति के रूप में उभरा है, जिसने मात्रा और मूल्य दोनों में अभूतपूर्व ऊंचाइयों को छुआ है और एक मजबूत डिजिटल पारिस्थितिकी तंत्र के रूप में विकसित हुआ है।
सीईओ ने आगे बताया कि इस प्लेटफॉर्म पर वर्तमान में 1.64 लाख से अधिक प्राथमिक खरीदार और 4.2 लाख सक्रिय विक्रेता हैं और यह 10 हजार से अधिक उत्पाद श्रेणियां और 330 से अधिक सेवाएं प्रदान करता है। उन्होंने बताया कि GeM पर सभी लेन-देन का 97 प्रतिशत अब किसी भी लेनदेन शुल्क से मुक्त है। GeM को सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अपनाया गया है।
