कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज नई दिल्ली में कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और आईसीएआर संस्थानों के निदेशकों के वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। सम्मेलन का विषय है ‘कार्रवाई के लिए अभिसरण: 2047 में विकसित भारत के लिए कृषि अनुसंधान, शिक्षा और विस्तार को आकार देना।’ इस कार्यक्रम के दौरान, श्री चौहान भारत के दीर्घकालिक विकास के लिए राष्ट्रीय कृषि अनुसंधान प्रणाली (एनएआरएस) की पुनर्कल्पना पर एक उच्च स्तरीय पैनल की अध्यक्षता भी करेंगे।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस कार्यक्रम में देश के कृषि नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए आवश्यक रणनीतिक सुधारों पर विचार-विमर्श करने के लिए प्रमुख नीति निर्माता, विचारक और अकादमिक विशेषज्ञ एक साथ आएंगे।
इस कार्यक्रम में मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह तथा कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी भी भाग लेंगे।
