नई दिल्ली । केंद्रीय पृथ्वी विज्ञान मंत्री डॉक्टर जितेंद्र सिंह ने कहा है कि समूचा देश वर्ष 2025 तक डॉप्लर वैदर राडार नेटवर्क के दायरे में आ जाएगा, जिसके माध्यम से मौसम की कठिन परिस्थितियों की सटीक भविष्यवाणी की जा सकेगी। नई दिल्ली में भारतीय मौसम विभाग के 148वें स्थापना दिवस के अवसर पर डॉक्टर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार में मौसम विभाग ने पिछले दस वर्षों में राडार नेटवर्क को बढ़ाने में सक्रिय कदम उठाए हैं और आज इनकी संख्या 15 से बढ़ कर 35 हो गई है।
उन्होंने बताया कि अगले दो-तीन वर्षों में 25 और राडार लगाए जाएंगे। डॉक्टर सिंह ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड प्रखंड के लिए चार डोप्लर प्रणाली का लोकार्पण किया। उन्होंने दो सौ कृषि संबंधी मौसम केंद्रों का भी लोकार्पण किया। डॉक्टर जितेंद्र ने बताया कि कृषि संबंधी मौसम सेवाओं के अंतर्गत 2025 तक 660 कृषि मौसम विज्ञान केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
