दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक विजेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में गुरुवार को रोहिणी में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा भारतीय सेना के साहस, बलिदान और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की ऐतिहासिक सफलता को समर्पित रही, जिसने देश के रक्षा इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ा है।
यात्रा की शुरूआत सेक्टर-14 रोहिणी स्थित महेश्वरी अपार्टमेंट से हुई और यह यात्रा प्रशांत विहार के सेंट्रल मार्केट में समाप्त हुई। इस अवसर पर क्षेत्र के नागरिकों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (आरडब्लूएएस) एवं व्यापार मंडलों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रोहिणी वार्ड से नगर निगम पार्षद प्रवेश वाहि भी इस तिरंगा यात्रा में सम्मिलित हुए। नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति नारों के साथ, भारतीय सेना के प्रति अपने सम्मान को प्रकट करते हुए यात्रा में भाग लिया।
विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा उन वीर सैनिकों को एक सशक्त श्रद्धांजलि है जो अपने प्राणों की बाजी लगाकर देश की रक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत के रक्षा इतिहास में एक निर्णायक क्षण था, जिसने हमारे सैनिकों की शक्ति और संकल्प को पूरी दुनिया के सामने प्रस्तुत किया। यह ऐतिहासिक उपलब्धि प्रधानमंत्री के दृढ़ नेतृत्व और भारतीय सेना की वीरता का प्रतीक है, जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।
