विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने आज ऑपरेशन सिंदूर पर भारत के कूटनीतिक प्रयासों के तहत चार बहुपक्षीय प्रतिनिधिमंडलों के सदस्यों को जानकारी दी। मिसरी ने कांग्रेस नेता शशि थरूर, भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद, एनसीपी-एसपी नेता सुप्रिया सुले और भाजपा नेता बैजयंत पांडा के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडलों को जानकारी दी।
ब्रीफिंग के बाद कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, “भारत सभी बाहरी वार्ताकारों को बताएगा कि 1989 से भारत को सीमा पार से किस तरह के भयानक आतंकवाद का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल बताएगा कि भारत के साथ वास्तव में क्या हो रहा है और भविष्य में इन आतंकवादी हमलों से कैसे निपटा जाए।”
भाजपा नेता बैजयंत पांडा ने इस ब्रीफिंग को बहुत उपयोगी बताया। उन्होंने कहा कि भारत में हर क्षेत्र में जो एकता देखने को मिली, वह बहुत महत्वपूर्ण है और देश के संदेश को दुनिया तक पहुंचाने के लिए एक समझ और प्रतिबद्धता है।
एनसीपी (शरद पवार) सांसद सुप्रिया सुले ने कहा, भारत आतंकवाद के खिलाफ है और इसके प्रति उसकी जीरो टॉलरेंस नीति है। उन्होंने कहा, भारत आतंकवाद के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगा।
