प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में नीति आयोग की दसवीं गवर्निंग काउंसिल बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
इस वर्ष की थीम विकसित भारत @2047 के लिए विकसित राज्य है। गवर्निंग काउंसिल की बैठक में विकसित भारत @2047 के लिए विकसित राज्य के दृष्टिकोण पर चर्चा की जाएगी।
बैठक में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल, केंद्रीय मंत्री, नीति आयोग के उपाध्यक्ष, सदस्य और सीईओ भाग लेंगे।
आकाशवाणी संवाददाता की रिपोर्ट के अनुसार, 10वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक देश के सामने आने वाली विकास चुनौतियों पर विचार-विमर्श करने तथा भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने में राज्यों की भूमिका पर आम सहमति बनाने के लिए एक अनूठा मंच प्रदान करेगी।
बैठक में उद्यमिता को बढ़ावा देने, कौशल बढ़ाने और देश भर में स्थायी रोजगार के अवसर पैदा करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
विकसित भारत के लिए विकसित राज्य का विचार राज्यों को राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप साहसिक, दीर्घकालिक और समावेशी विज़न दस्तावेज़ तैयार करने के लिए प्रेरित करना है। इन विज़न में समयबद्ध लक्ष्य शामिल होने चाहिए।
