भारत जापान को पीछे छोड़कर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने कहा कि भारत अगले 2.5 से 3 साल में जर्मनी को तीसरे स्थान से हटाने की ओर अग्रसर है। कल नई दिल्ली में नीति आयोग की दसवीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि आईएमएफ के आंकड़ों के अनुसार भारत अब ‘चार ट्रिलियन डॉलर’ की अर्थव्यवस्था है। उन्होंने कहा कि केवल अमेरिका, चीन और जर्मनी की अर्थव्यवस्थाएं ही भारत से बड़ी हैं।
आईएमएफ ने अपनी हालिया रिपोर्ट में कहा है कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा।
आईएमएफ ने इस महीने की शुरुआत में वर्ल्ड इकनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट में कहा था कि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है और अगले दो वर्षों में 6 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज करने वाला एकमात्र देश है। आईएमएफ के अनुसार, भारत की जीडीपी वर्तमान में 4.3 ट्रिलियन डॉलर है। 2015 में भारत की जीडीपी 2.1 ट्रिलियन डॉलर थी, तब से देश ने अपनी अर्थव्यवस्था को दोगुना से भी अधिक कर लिया है। रिपोर्ट के अनुसार, विकास की उच्च दर के कारण भारत की जीडीपी 2028 में 5.5 ट्रिलियन डॉलर तक बढ़ जाएगी और जर्मनी को पीछे छोड़कर तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगी।
आईएमएफ ने 2025 में जर्मनी के लिए शून्य विकास दर का अनुमान लगाया है, तथा 2026 में 0.9 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान लगाया है, क्योंकि चल रहे वैश्विक व्यापार युद्ध के कारण यूरोपीय देशों में जर्मनी को सबसे अधिक नुकसान होने की आशंका है।
विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था अमेरिका का सकल घरेलू उत्पाद 2025 तक 30.5 ट्रिलियन डॉलर आंका गया है, जबकि दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था चीन का सकल घरेलू उत्पाद लगभग 19.2 ट्रिलियन डॉलर है।
