नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आज रोहिणी विधानसभा क्षेत्र में वरिष्ठ नागरिकों के लिए तीन नए मनोरंजन केंद्रों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को गरिमापूर्ण जीवन जीने का अधिकार है और उनका अनुभव समाज के लिए एक अनमोल धरोहर है, जिसका सदुपयोग होना चाहिए।
ये नए केंद्र सेक्टर-8 के पॉकेट ए3 डीडीए फ्लैट्स, तथा सेक्टर-9 के रामकृष्ण अपार्टमेंट्स और मयूर अपार्टमेंट्स में स्थापित किए गए हैं। इनका निर्माण विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास निधि के माध्यम से किया गया है।
गुप्ता ने वरिष्ठ नागरिकों से एक-दूसरे की देखभाल करने और विशेष रूप से सुरक्षा व स्वास्थ्य से जुड़ी बातों में सजग रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग से बुजुर्गों को सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली सरकार बुजुर्गों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और उनके कल्याण के लिए हर संभव सहायता प्रदान कर रही है l बुजुर्ग लोगों को सरकार की तरफ़ से पेंशन भी प्रदान की जाती है l
इसके अतिरिक्त दिल्ली सरकार शहर भर में कई वृद्धाश्रम एवं मनोरंजन केंद्र संचालित कर रही है। वरिष्ठ नागरिकों को डीटीसी बसों में यात्रा रियायतें प्राप्त हैं तथा दिल्ली सरकार के अस्पतालों में उनके इलाज को प्राथमिकता दी जाती है। गुप्ता ने वरिष्ठ नागरिकों से आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने और युवा पीढ़ी को मार्गदर्शन देने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बदलते पारिवारिक ढांचे में बुजुर्ग कई बार कठिनाइयों का सामना करते हैं, ऐसे में समाज को चाहिए कि वह एकजुट होकर उनके लिए सम्मानजनक और समावेशी वातावरण बनाए, जहां उनकी भागीदारी को सराहा जाए और उनके कल्याण को सर्वोपरि रखा जाए।
