पिछले महीने की 18 तारीख को दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर सफलतापूर्वक चढ़ने के बाद, राष्ट्रीय कैडेट कोर माउंट एवरेस्ट अभियान दल का कल नई दिल्ली में डीजी एनसीसी कैंप में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। अभियान दल, जिसकी औसत आयु मात्र 19 वर्ष है, ने खराब मौसम और कठिन भूभाग के बावजूद शिखर पर 100 प्रतिशत सफलता दर हासिल की। दस कैडेटों की टीम, जिसमें पाँच लड़के और पाँच लड़कियाँ शामिल थीं, नौसिखिए पर्वतारोही थे, जिन्होंने कठोर चयन और प्रशिक्षण लिया था।
आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए एनसीसी कैडेट कृतिका शर्मा ने कहा कि पिछले दो वर्षों में टीम को मिले कठोर प्रशिक्षण से टीम को इस भव्य लक्ष्य को साकार करने में मदद मिली।
आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए एनसीसी कैडेट मोहित कन्नथिया ने कहा कि उनमें कभी हार न मानने की भावना के कारण ही दुनिया के शिखर पर भारतीय ध्वज फहराने की इच्छा जागृत हुई।
अभियान दल को 3 अप्रैल को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
