केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कल शाम रायपुर में नक्सलवाद से निपटने के लिए समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित सात राज्यों छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, झारखंड और ओडिशा के पुलिस महानिदेशक, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। श्री शाह ने दोहराया कि अगले साल 31 मार्च तक देश नक्सलवाद से मुक्त हो जाएगा।
आकाशवाणी संवाददाता ने खबर दी है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि हर साल बरसात के मौसम में आराम करने वाले नक्सली इस मानसून में चैन की नींद नहीं सो पाएंगे, क्योंकि हमारे सुरक्षा बल अपना अभियान जारी रखेंगे। रायपुर में नक्सलवाद पर समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि हमारे सुरक्षा बलों द्वारा प्रदर्शित बहादुरी और खुफिया एजेंसियों द्वारा तैयार की गई सटीक रणनीतियों के आधार पर सरकार अगले साल मार्च तक देश को नक्सल समस्या से मुक्त करने का लक्ष्य अवश्य हासिल करेगी।
श्री शाह ने नक्सलवाद की राह पर भटके सभी युवाओं से हथियार डालने और छत्तीसगढ़ सरकार की आत्मसमर्पण नीति का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि केंद्र और छत्तीसगढ़ सरकार आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों से किए गए सभी वादे पूरे करेगी और उन्हें और अधिक सहायता देने का प्रयास करेगी।
