आतंकवाद विरोधी अभियानों में भारतीय सेना की परिचालन तत्परता को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में रक्षा मंत्रालय ने आपातकालीन खरीद तंत्र के तहत तेरह अनुबंधों को मंजूरी दी है। एक हजार 981 करोड़ रुपये की राशि के ये अनुबंध भारतीय सेना के लिए दो हजार करोड़ रुपये के समग्र स्वीकृत परिव्यय के विरुद्ध अंतिम रूप दिए गए हैं। खरीदे जा रहे उपकरणों में शामिल हैं – एकीकृत ड्रोन डिटेक्शन सिस्टम, निम्न स्तर के हल्के रडार, बहुत कम दूरी के वायु रक्षा प्रणाली लांचर और मिसाइल, बुलेट प्रूफ जैकेट और राइफलों के लिए नाइट साइट्स। मंत्रालय ने कहा कि खरीद का उद्देश्य आतंकवाद विरोधी वातावरण में तैनात सैनिकों के लिए स्थितिजन्य जागरूकता, मारक क्षमता, गतिशीलता और सुरक्षा को बढ़ाना है। इसने कहा, ये खरीद उभरती सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने के लिए भारतीय सेना को आधुनिक, मिशन-महत्वपूर्ण और पूरी तरह से स्वदेशी प्रणालियों से लैस करने की मंत्रालय की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
