केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 1975 में आपातकाल लगाने के लिए कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि इसका कारण देश की सुरक्षा नहीं बल्कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सत्ता को बचाना था। श्री शाह ने कल नई दिल्ली में ‘आपातकाल के 50 साल’ के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने सभी से यह याद रखने का आग्रह किया कि इस देश के लोकतंत्र के लिए लड़ने के लिए लाखों लोगों ने अपने जीवन, करियर और परिवारों का बलिदान दिया। श्री शाह ने कहा कि देश ने यह लड़ाई इसलिए जीती क्योंकि लोग तानाशाही को कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे।
श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आपातकाल पर एक किताब लिखी है, जिसका आज लोकार्पण होगा। उन्होंने कहा कि यह किताब आपातकाल के दौरान और उसके बाद हुए संघर्षों और घटनाक्रमों पर आधारित है।
