रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे बोर्ड को निर्देश दिया है कि आरक्षण चार्ट अब ट्रेन रवाना होने से आठ घंटे पहले तैयार किया जाए। इस निर्णय का उद्देश्य प्रतीक्षा सूची में शामिल यात्रियों की अनिश्चितता को कम करना और उन्हें वैकल्पिक यात्रा योजनाएं बनाने के लिए अधिक समय देना है।
रेल मंत्रालय के अनुसार, दोपहर 2 बजे से पहले चलने वाली ट्रेनों के लिए चार्ट पिछली रात 9 बजे तक तैयार कर लिया जाएगा। मंत्री ने यह भी कहा कि टिकट प्रणाली को स्मार्ट, पारदर्शी, सुलभ और अधिक कुशल बनाना प्राथमिकता है।
नई आरक्षण प्रणाली: टिकट बुकिंग में होगा बड़ा सुधार
रेलवे ने घोषणा की है कि एक नई उन्नत यात्री आरक्षण प्रणाली विकसित की जा रही है, जो मौजूदा से दस गुना अधिक लोड संभालने में सक्षम होगी। यह नई प्रणाली प्रति मिनट 1.5 लाख टिकटों की बुकिंग कर सकेगी, जो मौजूदा 32,000 टिकटों की क्षमता से लगभग 5 गुना अधिक है।
पूछताछ की क्षमता भी बढ़कर प्रति मिनट 40 लाख तक पहुंच जाएगी। यह नई प्रणाली 2025 के अंत तक लागू किए जाने की योजना है।
तत्काल टिकट बुकिंग के लिए सख्त प्रमाणीकरण
रेल मंत्रालय ने घोषणा की है कि अगले महीने की पहली तारीख से IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर सिर्फ प्रमाणित उपयोगकर्ताओं को ही तत्काल टिकट बुकिंग की अनुमति दी जाएगी। जुलाई के अंत से यह प्रक्रिया OTP आधारित प्रमाणीकरण के जरिए लागू होगी।
प्रमाणीकरण के लिए आधार कार्ड या डिजीलॉकर में उपलब्ध कोई भी सरकारी मान्यता प्राप्त पहचान पत्र मान्य होगा। रेल मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि यह प्रमाणीकरण प्रणाली व्यापक और भरोसेमंद होनी चाहिए।
यह सभी कदम यात्रियों को बेहतर सुविधा, पारदर्शिता और ट्रैवल प्लानिंग में सहायता देने के उद्देश्य से उठाए जा रहे हैं।
