प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार से घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया की पांच देशों की यात्रा पर जाएंगे। विदेश मंत्रालय में आर्थिक संबंधों के सचिव दम्मू रवि ने नई दिल्ली में एक विशेष मीडिया ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री अगले महीने की 2 से 3 तारीख तक अपनी पांच देशों की यात्रा के पहले चरण में घाना की यात्रा करेंगे। उन्होंने कहा कि यह घाना की उनकी पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी और प्रधानमंत्री घाना के राष्ट्रपति के साथ वार्ता करेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों देश मजबूत द्विपक्षीय साझेदारी की समीक्षा करेंगे और आर्थिक, ऊर्जा और रक्षा सहयोग तथा विकास सहयोग साझेदारी को बढ़ाने के लिए आगे के अवसरों पर चर्चा करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी ब्राजील यात्रा के बारे में श्री रवि ने कहा कि 17वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 6-7 जुलाई को रियो डी जेनेरियो में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रियो शिखर सम्मेलन का विषय समावेशी और सतत शासन के लिए वैश्विक दक्षिण सहयोग को मजबूत करना है। शिखर सम्मेलन के दौरान श्री मोदी वैश्विक शासन में सुधार, शांति और सुरक्षा, बहुपक्षवाद को मजबूत करने, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के जिम्मेदार उपयोग, जलवायु कार्रवाई, वैश्विक स्वास्थ्य, आर्थिक और वित्तीय मामलों सहित प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। शिखर सम्मेलन के दौरान उनके कई द्विपक्षीय बैठकें करने की भी संभावना है। श्री मोदी ब्रासीलिया जाएंगे जहां वे राष्ट्रपति लूला के साथ व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष, प्रौद्योगिकी, कृषि, स्वास्थ्य और लोगों के बीच आपसी संबंधों सहित आपसी हित के क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को व्यापक बनाने पर द्विपक्षीय चर्चा करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आगामी नामीबिया यात्रा के बारे में श्री रवि ने कहा कि श्री मोदी 9 जुलाई को नामीबिया जाएंगे और यह द्विपक्षीय आर्थिक संबंधों को गहरा करने के लिए एक महत्वपूर्ण यात्रा है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बहुत मजबूत संबंध हैं।
अपनी यात्रा के दूसरे चरण में श्री मोदी 3 से 4 जुलाई तक त्रिनिदाद और टोबैगो की आधिकारिक यात्रा करेंगे। यात्रा के दौरान श्री मोदी त्रिनिदाद और टोबैगो की राष्ट्रपति क्रिस्टीन कार्ला कंगालू और प्रधानमंत्री कमला परसाद-बिसेसर से वार्ता करेंगे। प्रधानमंत्री के त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करने की भी उम्मीद है।
अपनी यात्रा के तीसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी 4 से 5 जुलाई तक अर्जेंटीना की यात्रा करेंगे। प्रधानमंत्री के राष्ट्रपति माइली के साथ द्विपक्षीय वार्ता करने की उम्मीद है। दोनों नेता चल रहे सहयोग की समीक्षा करेंगे और रक्षा, कृषि, खनन, तेल और गैस, नवीकरणीय ऊर्जा, व्यापार और निवेश सहित प्रमुख क्षेत्रों में भारत-अर्जेंटीना साझेदारी को और बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा करेंगे।
