भारत-भूटान विकास सहयोग वार्ता आज नई दिल्ली में आयोजित की गई। वार्ता के दौरान, दोनों पक्षों ने समर्थन के विभिन्न घटकों पर चर्चा की और पिछले दौर में स्वीकृत परियोजनाओं के कार्यान्वयन में प्रगति की समीक्षा की। भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सचिव पश्चिम तन्मय लाल ने किया, और भूटानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भूटान के विदेश सचिव ओम पेमा चोडेन ने किया। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि कुल 61 परियोजना बंधी सहायता-पीटीए परियोजनाएं जिनकी लागत 4,958 करोड़ रुपये है और 283 उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजनाएं जिनकी लागत 417 करोड़ रुपये है, कार्यान्वयन के विभिन्न चरणों में हैं।
दोनों पक्षों ने उभरती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कुछ पीटीए परियोजनाओं के लिए आवंटन में उपयुक्त संशोधन करने पर सहमति व्यक्त की। मंत्रालय ने कहा कि भारत सरकार ने आर्थिक प्रोत्साहन कार्यक्रम के लिए 750 करोड़ और कार्यक्रम अनुदान के रूप में 100 करोड़ जारी किए हैं। बैठक में इन निधियों के उपयोग में प्रगति की भी समीक्षा की गई। भूटानी पक्ष ने 13वीं पंचवर्षीय योजना अवधि के दौरान कार्यान्वित किए जाने वाले पीटीए परियोजना प्रस्तावों की दूसरी किश्त भी प्रस्तुत की।
बैठक के दौरान, भारतीय पक्ष ने बताया कि वह भूटान नरेश और भारत के प्रधानमंत्री के साझा दृष्टिकोण के अनुरूप, तथा भूटान सरकार और वहां की जनता की प्राथमिकताओं के आधार पर, भूटान सरकार के साथ उसके विकास एजेंडे पर मिलकर काम करना जारी रखेगा।
