राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में गोरखपुर में उत्तर प्रदेश के पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का औपचारिक उद्घाटन करेंगी।
आकाशवाणी संवाददाता ने बताया कि राष्ट्रपति के उत्तर प्रदेश दौरे के दूसरे दिन गोरखपुर में महायोगी गुरु गोरखनाथ के नाम पर राज्य के पहले आयुष विश्वविद्यालय का उद्घाटन किया जाएगा. यह आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी सहित पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों में शिक्षा और उपचार दोनों का एक महत्वपूर्ण केंद्र होगा. एक अकादमिक संस्थान से बढ़कर यह विश्वविद्यालय रोजगार के नए रास्ते खोलेगा और क्षेत्र में औषधीय पौधों की व्यावसायिक खेती को बढ़ावा देगा. इस विश्वविद्यालय की आधारशिला 28 अगस्त 2021 को तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रखी थी. 52 एकड़ में फैले इस विश्वविद्यालय को 267 करोड़ रुपये से अधिक के स्वीकृत बजट से विकसित किया गया है. विश्वविद्यालय के उद्घाटन के बाद राष्ट्रपति गोरखनाथ मंदिर भी जाएंगे. इसके अलावा राष्ट्रपति मुर्मू सोनबरसा में महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के आरोग्यधाम परिसर में शैक्षणिक ब्लॉक, ऑडिटोरियम और पंचकर्म केंद्र का उद्घाटन करेंगे और बालिका छात्रावास की आधारशिला रखेंगे. राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर गोरखपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
