नई दिल्ली, 18 जनवरी। ‘आज़ादी का अमृत महोत्सव’ मनाने के लिए दिरांग स्थित राष्ट्रीय पर्वतारोहण और साहसिक खेल संस्थान (निमास) की 4 सदस्यीय टीम ने बुधवार से वियतनाम से 6 देशों के लिए साइकिलिंग अभियान शुरू किया। यह अभियान दल 50 दिन में 6 देशों में 5,300 किमी की दूरी तय करेगा। यह टीम 08 मार्च को सिंगापुर के आईएनए युद्ध स्मारक में अपनी यात्रा समाप्त करेगी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पिछले वर्ष 18 अप्रैल को निमास की कार्यकारी परिषद की बैठक में इस अभियान को मंजूरी दी थी। निमास सचिव की उपस्थिति में 16 जनवरी को रक्षा मंत्रालय में अपर सचिव ने अभियान को नई दिल्ली से हरी झंडी दिखाई। यह टीम 16 जनवरी को नई दिल्ली से रवाना होने के बाद वियतनाम के हनोई पहुंची और खुद को वातावरण के अनुकूल बनाने के लिए विश्राम किया। इसके बाद आज से 6 देशों के लिए साइकिलिंग अभियान शुरू किया। यह टीम 08 मार्च को सिंगापुर के एस्प्लेनेड पार्क (आईएनए युद्ध स्मारक) में अपनी यात्रा समाप्त करेगी।
चार सदस्यीय टीम का नेतृत्व कर रहे कर्नल आरएस जामवाल ने बताया कि उनकी टीम 50 दिन में वियतनाम, लाओस, कंबोडिया, थाईलैंड और मलेशिया होते हुए करीब 5300 किमी. की दूरी तय करेगी। यह 6 दक्षिण पूर्व एशियाई राष्ट्रों के गलियारे का अपनी तरह का पहला साइकिलिंग अभियान है। सिंगापुर में वे आईएनए मेमोरियल में उन सभी योद्धाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, जिन्होंने ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन से भारत को आजादी दिलाने के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी।
निमास की टीम ने हाल ही में अपनी तरह का पहला अभियान चलाकर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराया था, जिसमें सभी सात पूर्वोत्तर राज्यों को साइकिल से कवर किया गया था। दल ने पूर्वोत्तर क्षेत्र के सभी 7 राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मणिपुर, नगालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में 1098 किलोमीटर साइकिल चलाई और इन राज्यों के युवा संघों के साथ बातचीत की।
