प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार और पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। बिहार में, श्री मोदी सुबह लगभग 11 बजे गया में लगभग 13 हज़ार करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री दो ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद, वह गंगा नदी पर औंटा-सिमरिया पुल परियोजना का उद्घाटन करेंगे। यह पटना के मोकामा और बेगूसराय के बीच सीधा संपर्क प्रदान करेगा।
यह नया पुल उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन करने वाले वाहनों के लिए 100 किलोमीटर से अधिक की अतिरिक्त यात्रा दूरी को कम करेगा। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-31 के बख्तियारपुर से मोकामा तक चार लेन वाले खंड का भी उद्घाटन करेंगे, जिससे भीड़भाड़ कम होगी, यात्रा का समय कम होगा और यात्री एवं माल ढुलाई में सुधार होगा। प्रधानमंत्री बक्सर थर्मल पावर प्लांट का भी उद्घाटन करेंगे, जिससे बिजली उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, ऊर्जा सुरक्षा में सुधार होगा और क्षेत्र की बढ़ती बिजली की माँग को पूरा किया जा सकेगा।
प्रधानमंत्री मुजफ्फरपुर में होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र का भी उद्घाटन करेंगे। यह अत्याधुनिक सुविधा बिहार और पड़ोसी राज्यों के रोगियों को उन्नत और किफायती कैंसर देखभाल प्रदान करेगी। श्री मोदी नमामि गंगे के तहत मुंगेर में निर्मित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और सीवरेज नेटवर्क का उद्घाटन करेंगे। इससे गंगा में प्रदूषण का भार कम करने और क्षेत्र में स्वच्छता सुविधाओं में सुधार करने में मदद मिलेगी।
प्रधानमंत्री दो ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे – गया और दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस और वैशाली तथा कोडरमा के बीच बौद्ध सर्किट ट्रेन। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत 12,000 ग्रामीण लाभार्थियों और प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के अंतर्गत 4,260 लाभार्थियों का गृह प्रवेश समारोह भी होगा, जिसमें प्रधानमंत्री प्रतीकात्मक रूप से कुछ लाभार्थियों को चाबियाँ सौंपेंगे।
पश्चिम बंगाल में, प्रधानमंत्री शाम लगभग 4:15 बजे कोलकाता में नवनिर्मित खंडों पर मेट्रो ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे और जेसोर रोड मेट्रो स्टेशन से जय हिंद विमानबंदर तक मेट्रो की सवारी करेंगे और वापस आएंगे। इसके अलावा, वह कोलकाता में 5,200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर वह उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे।
