शंघाई सहयोग संगठन की 25वीं राष्ट्राध्यक्ष परिषद की बैठक कल चीन के तियानजिन में शुरू होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय विचार-विमर्श में भाग लेंगे और वैश्विक नेताओं के साथ शामिल होंगे। 2025 के इस शिखर सम्मेलन से वैश्विक शासन में नए मानदंडों को आकार देने, क्षेत्रीय सुरक्षा, संपर्क, सतत विकास और सदस्य देशों के बीच अधिक एकजुटता जैसे मुद्दों को संबोधित करने में योगदान मिलने की उम्मीद है।
यह पाँचवाँ मौका है जब चीन एससीओ शिखर सम्मेलन की मेज़बानी कर रहा है, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग इसकी अध्यक्षता करेंगे और 20 से ज़्यादा विश्व नेताओं और 10 अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों के इसमें शामिल होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन प्रमुख प्रतिभागियों में शामिल हैं, जिससे यह अब तक का सबसे बड़ा और सबसे महत्वाकांक्षी एससीओ सम्मेलन बन गया है।
“शंघाई भावना को कायम रखना: एससीओ की गतिशीलता” विषय के अंतर्गत, चीन ने 2025 को “एससीओ सतत विकास वर्ष” घोषित किया है। इस शिखर सम्मेलन में पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों की समीक्षा की जाएगी, दस वर्षीय विकास रणनीति अपनाई जाएगी, और क्षेत्रीय सुरक्षा, आर्थिक विकास, संपर्क, आतंकवाद-निरोध और सांस्कृतिक सहयोग पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
