भारत ने भीषण भूकंप के बाद अफ़ग़ानिस्तान को मानवीय सहायता भेजी है। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने बताया कि कल 21 टन राहत सामग्री हवाई मार्ग से पहुँचाई गई। इसमें कंबल, टेंट, स्वच्छता किट, जल भंडारण टैंक, जनरेटर, रसोई के बर्तन, पोर्टेबल वाटर प्यूरीफायर, स्लीपिंग बैग, आवश्यक दवाइयाँ, व्हीलचेयर, हैंड सैनिटाइज़र, जल शोधन गोलियाँ, ओआरएस घोल और चिकित्सा उपभोग्य वस्तुएँ शामिल हैं। मंत्री ने कहा कि भारत ज़मीनी हालात पर नज़र रखता रहेगा और आने वाले दिनों में और मानवीय सहायता भेजेगा।
अफ़ग़ानिस्तान में आए भूकंप में मरने वालों की संख्या 1,400 को पार कर गई है, और हज़ारों लोग घायल हुए हैं, जबकि बचाव अभियान जारी है। रविवार को अफ़ग़ानिस्तान के पूर्वी हिस्से में 6 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप आया, जिसका केंद्र नांगरहार प्रांत की राजधानी जलालाबाद से 27 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित था। भूकंप के कारण कई घर मलबे में तब्दील हो गए हैं, जिससे हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
