नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने नवनियुक्त अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की की सिफ़ारिश पर संघीय संसद के निचले सदन, प्रतिनिधि सभा को भंग कर दिया है और अगले साल 21 मार्च को नए संसदीय चुनावों की घोषणा की है। पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की ने कल रात नेपाल की अंतरिम सरकार के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली, और देश का नेतृत्व करने वाली पहली महिला बन गईं।
राष्ट्रपति पौडेल ने काठमांडू स्थित राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में सुश्री कार्की को पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति रामबरन यादव और कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। यह शपथ ग्रहण समारोह पिछले कुछ दिनों में इस हिमालयी राष्ट्र में जेनरेशन ज़ेड के प्रदर्शनकारियों द्वारा की गई घातक हिंसा के बाद हुआ है, जो प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सरकारी प्रतिबंध और भ्रष्टाचार के विरोध में भड़की थी। इन घातक झड़पों में कई लोगों की जान चली गई और नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को इस्तीफा देना पड़ा।
पिछले तीन दिनों की गहन चर्चा और राष्ट्रपति भवन, शीतल निवास में औपचारिक वार्ता के बाद, कल पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की को अंतरिम सरकार का प्रमुख नियुक्त करने का निर्णय लिया गया। सुश्री कार्की देश की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश भी हैं और उनकी ईमानदारी की व्यापक रूप से प्रशंसा की गई है। उनकी नियुक्ति उन जनरेशन-जेड प्रदर्शनकारियों की माँगों के अनुरूप है जो संसद को तत्काल भंग करने और मौजूदा भ्रष्ट राजनीतिक नेताओं से मुक्त एक अंतरिम सरकार की माँग कर रहे हैं।
