केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कल नई दिल्ली में यूरोपीय संघ के व्यापार एवं आर्थिक सुरक्षा आयुक्त मारोस सेफ्कोविक, यूरोपीय संघ के कृषि एवं खाद्य आयुक्त क्रिस्टोफ़ हैनसेन और यूरोपीय संघ के प्रतिनिधिमंडल के अन्य अधिकारियों से मुलाकात की। यह मुलाकात एक व्यापक मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को शीघ्रता से संपन्न करने के प्रयासों के तहत हुई। श्री गोयल ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि दोनों पक्ष एक संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी मुक्त व्यापार समझौता हासिल करने, व्यवसायों के लिए नए रास्ते खोलने और भारत तथा यूरोपीय संघ के साझा विकास के अवसरों को अधिकतम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
बाद में, राष्ट्रीय राजधानी में भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते पर संयुक्त मंत्रिस्तरीय व्यावसायिक संवाद को संबोधित करते हुए, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने कहा कि भारत यूरोप को एक विश्वसनीय साझेदार, रणनीतिक सहयोगी और निष्पक्ष व्यवहार, कानून के शासन, स्थिरता, गुणवत्ता मानकों और समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध मित्र मानता है। श्री गोयल ने ज़ोर देकर कहा कि इस साझेदारी को न केवल व्यापार विस्तार के संदर्भ में, बल्कि दुनिया भर में व्यापक सकारात्मक प्रभाव के संदर्भ में भी देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ एक-दूसरे के पूरक हैं, प्रतिस्पर्धा नहीं करते।
