केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा राज्य मंत्री श्रीपद येसो नाइक ने विश्वास व्यक्त किया है कि भारत हरित हाइड्रोजन नवाचार के लिए एक वैश्विक केंद्र के रूप में उभरने की ओर अग्रसर है। मंत्री महोदय ने कल नई दिल्ली में दो दिवसीय प्रथम हरित हाइड्रोजन अनुसंधान एवं विकास सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए यह बात कही। हरित हाइड्रोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए, श्री नाइक ने कहा कि यह ईंधन उन क्षेत्रों को कार्बन-मुक्त करने का वादा करता है जिन्हें कार्बन उत्सर्जन में कमी लाना सबसे कठिन है, नए व्यापार क्षेत्र खोलेगा और एक स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य का निर्माण करेगा। यह दोहराते हुए कि भारत ने 2070 तक शुद्ध शून्य उत्सर्जन प्राप्त करने की यात्रा शुरू कर दी है, श्री नाइक ने कहा कि अपने राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन के माध्यम से, भारत हाइड्रोजन प्रौद्योगिकियों में नवाचार, विनिर्माण और उपयोग के लिए एक वैश्विक केंद्र के रूप में उभरेगा।
