प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मिज़ोरम, मणिपुर और असम का दौरा करेंगे और कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। श्री मोदी सबसे पहले मिज़ोरम जाएँगे, जहाँ वे आज सुबह आइज़ोल में नौ हज़ार करोड़ रुपये से ज़्यादा की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। वे एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
इसके बाद, प्रधानमंत्री मणिपुर का दौरा करेंगे और आठ हज़ार पाँच सौ करोड़ रुपये से ज़्यादा की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। मणिपुर में, श्री मोदी आज दोपहर चुराचांदपुर में 7,300 करोड़ रुपये से ज़्यादा की परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर वे उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद, प्रधानमंत्री इम्फाल में 1,200 करोड़ रुपये से ज़्यादा की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी असम का दौरा करेंगे और आज शाम गुवाहाटी में भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की 100वीं जयंती के समारोह में भाग लेंगे। इस अवसर पर श्री मोदी उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे।
कल प्रधानमंत्री राज्य में 18,530 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली प्रमुख बुनियादी ढाँचा और औद्योगिक विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। वह दरांग में विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद, श्री मोदी कल गोलाघाट में असम बायो-एथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड, नुमालीगढ़ रिफाइनरी प्लांट का उद्घाटन करेंगे। वह गोलाघाट में पॉलीप्रोपाइलीन प्लांट की आधारशिला भी रखेंगे।
सोमवार को प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे और कोलकाता में 16वें संयुक्त कमांडर्स सम्मेलन-2025 का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद, श्री मोदी बिहार जाएँगे और पूर्णिया हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। वे पूर्णिया में लगभग 36 हज़ार करोड़ रुपये की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी करेंगे और इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। वे बिहार में राष्ट्रीय मखाना बोर्ड का भी शुभारंभ करेंगे।
