प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी आज अरुणाचल प्रदेश का दौरा करेंगे। वह ईटानगर में 5,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। वह एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
आकाशवाणी संवाददाता ने खबर दी है कि अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। शहर भर में व्यापक इंतजाम किए गए हैं और सुरक्षा उपाय कड़े कर दिए गए हैं। अपनी यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री 3,700 करोड़ रुपये से अधिक की दो प्रमुख पनबिजली परियोजनाओं और 1,291 करोड़ रुपये की 10 अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इन पनबिजली परियोजनाओं में 186 मेगावाट की तातो पनबिजली परियोजना और 240 मेगावाट की हीओ पनबिजली परियोजना शामिल हैं, जो दोनों शि योमी जिले में स्थित हैं। इन पहलों से राज्य की बिजली उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और स्थानीय विकास में योगदान मिलेगा। श्री मोदी हाल ही में जीएसटी दरों को युक्तिसंगत बनाने के प्रभाव पर चर्चा करने के लिए स्थानीय करदाताओं, व्यापारियों और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ भी बातचीत करेंगे।
