ब्रिक्स विदेश मंत्रियों ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। ब्रिक्स विदेश मंत्रियों ने कल न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 80वें सत्र से इतर अपनी वार्षिक बैठक की।
इस बैठक की अध्यक्षता 2026 के लिए ब्रिक्स के भावी अध्यक्ष के रूप में भारत ने की। एक संयुक्त मीडिया वक्तव्य में, मंत्रियों ने आतंकवाद के किसी भी कृत्य की कड़ी निंदा की और उसे आपराधिक और अनुचित बताया, चाहे उसकी मंशा कुछ भी हो, चाहे वह कभी भी, कहीं भी और किसी के द्वारा भी किया गया हो। उन्होंने आतंकवादियों की सीमा पार आवाजाही, आतंकवाद के वित्तपोषण और सुरक्षित पनाहगाहों सहित, आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों का मुकाबला करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
उन्होंने दोहराया कि आतंकवाद को किसी भी धर्म, राष्ट्रीयता, सभ्यता या जातीय समूह से नहीं जोड़ा जाना चाहिए तथा आतंकवादी गतिविधियों और उनके समर्थन में शामिल सभी लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए तथा प्रासंगिक राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय कानून के अनुसार उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए।
उन्होंने आतंकवाद के प्रति शून्य सहिष्णुता सुनिश्चित करने और आतंकवाद का मुकाबला करने में दोहरे मानदंडों को अस्वीकार करने का आग्रह किया। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के ढांचे में अंतर्राष्ट्रीय आतंकवाद पर व्यापक सम्मेलन को शीघ्र अंतिम रूप देने और अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र द्वारा नामित सभी आतंकवादियों और आतंकवादी संस्थाओं के विरुद्ध ठोस कार्रवाई का आह्वान किया।
मंत्रियों ने व्यापार-प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयों के प्रसार पर चिंता व्यक्त की, चाहे वह टैरिफ और गैर-टैरिफ उपायों में अंधाधुंध वृद्धि के रूप में हो, या संरक्षणवाद के रूप में हो।
उन्होंने एकतरफा टैरिफ और गैर-टैरिफ उपायों के बढ़ने पर गंभीर चिंता व्यक्त की, जो व्यापार को विकृत करते हैं और विश्व व्यापार संगठन के नियमों के अनुरूप नहीं हैं। उन्होंने ऐसी प्रथाओं के प्रति आगाह किया जिनसे वैश्विक व्यापार के विखंडन और वैश्विक दक्षिण के हाशिए पर जाने का खतरा है।
