भारत-ब्राज़ील व्यापार निगरानी तंत्र (टीएमएम) की सातवीं बैठक कल नई दिल्ली में आयोजित हुई। वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल और ब्राज़ील की विदेश व्यापार सचिव तातियाना लासेर्दा प्राज़ेरेस ने द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने, भारत-मर्कोसुर पीटीए का विस्तार करने और फार्मास्यूटिकल्स, रसायन, एमएसएमई और वित्त जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की।
बैठक के परिणामों की समीक्षा ब्राज़ील के उपराष्ट्रपति और भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री द्वारा अगले सप्ताह ब्राज़ील के उपराष्ट्रपति की भारत यात्रा के दौरान की जाएगी। इस वर्ष जुलाई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ब्राज़ील की राजकीय यात्रा और ब्राज़ील के राष्ट्रपति, महामहिम श्री लुईज़ इनासियो लूला दा सिल्वा के साथ बैठक के दौरान, दोनों नेताओं ने अगले पाँच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब अमेरिकी डॉलर तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा था।
