पहला वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन आज उत्तरी गुजरात के मेहसाणा में शुरू होगा। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव उद्घाटन सत्र में उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन में डेयरी और खाद्य प्रसंस्करण, कृषि एवं कृषि आधारित उद्योग, ऑटोमोबाइल कंपोनेंट, इंजीनियरिंग, नवीकरणीय ऊर्जा और पर्यटन जैसे क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत @2047’ विज़न के तहत शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट की सफलता को राज्य के हर क्षेत्र तक पहुँचाना है।
आकाशवाणी संवाददाता की रिपोर्ट है कि दो दिवसीय सम्मेलन में 33 सेमिनार, गोलमेज चर्चाएँ, बी2बी और बी2जी बैठकें और एक एमएसएमई कॉन्क्लेव शामिल होंगे। 200 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधियों सहित 13,000 से अधिक प्रतिभागियों ने इस आयोजन के लिए पंजीकरण कराया है। साझेदार देश – जापान, दक्षिण कोरिया, वियतनाम और नीदरलैंड – के साथ-साथ जेट्रो, विश्व बैंक, आईसीबीसी और रूसी संघ जैसे वैश्विक संगठन इस आयोजन में भाग लेंगे। एक प्रमुख आकर्षण क्षेत्रीय प्रदर्शनी है, जो 18,000 वर्ग मीटर में फैली हुई है, जिसमें उत्तर गुजरात के औद्योगिक उत्पादों – जीरा, सौंफ और इसबगोल जैसे कृषि उत्पादों से लेकर डेयरी उत्पादों और ऑटो घटकों तक का प्रदर्शन किया गया है। रिवर्स क्रेता-विक्रेता मीट 40 देशों के अंतर्राष्ट्रीय खरीदारों को एक साथ लाएगा, जो स्थानीय उद्यमियों को निर्यात के अवसर प्रदान करेगा। मेहसाणा सम्मेलन उत्तर गुजरात की औद्योगिक ताकत को उजागर करेगा, साथ ही स्थानीय उद्यमों को वैश्विक निवेशकों और बाजारों से जोड़ेगा।
