केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज राजस्थान के एक दिवसीय दौरे पर जयपुर पहुँचेंगे। अपनी यात्रा के दौरान, वह नए आपराधिक कानूनों – भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम – के कार्यान्वयन के एक वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। जयपुर में 13 से 18 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली यह छह दिवसीय प्रदर्शनी नए कानूनों के प्रमुख प्रावधानों पर प्रकाश डालेगी और पूरे राजस्थान में उनके कार्यान्वयन में हुई प्रगति को प्रदर्शित करेगी।
प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के बाद, श्री शाह एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर, वे राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट 2024 के अंतर्गत प्राप्त चार लाख करोड़ रुपये के एमओयू के भूमिपूजन समारोह में भी भाग लेंगे। इसके अलावा, वे 9,300 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।
गृह मंत्री छात्रों को यूनिफॉर्म के लिए 260 करोड़ रुपये और डेयरी उत्पादकों को दूध सब्सिडी के रूप में 364 करोड़ रुपये के हस्तांतरण की भी शुरुआत करेंगे। इस कार्यक्रम में 150 यूनिट मुफ्त बिजली योजना के तहत पंजीकरण का शुभारंभ भी होगा, साथ ही महिला सुरक्षा गश्त के लिए एफएसएल वाहनों और स्कूटरों व मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाई जाएगी।
