चुनाव आयोग ने आज बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही, 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। दूसरे चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर है। नामांकन पत्रों की जाँच 21 अक्टूबर को होगी और नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर है। इस चरण के लिए मतदान 11 नवंबर को होगा। नामांकन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक दाखिल किए जा सकेंगे।
चुनाव आयोग ने नामांकन केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा चुनाव के दोनों चरणों के वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी। विधानसभा चुनाव में कुल 7.42 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। दूसरे चरण में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिलों में मतदान होगा। इसके अलावा, भागलपुर, बांका, जमुई, नवादा, गया, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, कैमूर और रोहतास जिलों में भी मतदान होगा।
