केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कल नई दिल्ली में किसानों की शिकायतों के समाधान के संबंध में एक बैठक की। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने बताया कि बैठक में खाद, बीज, कीटनाशक, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और प्रधानमंत्री किसान पोर्टल से संबंधित शिकायतों पर चर्चा हुई। श्री चौहान ने इस बात पर ज़ोर दिया कि शिकायतों के समाधान के लिए एक निश्चित समय-सीमा निर्धारित की जानी चाहिए ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि शिकायतें लंबे समय तक लंबित न रहें। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी शिकायत पर कार्रवाई तब तक बंद नहीं की जानी चाहिए जब तक कि किसान पूरी तरह से संतुष्ट न हो जाए। मंत्री ने अधिकारियों को उन राज्यों की पहचान करने के निर्देश दिए जहाँ शिकायतें ज़्यादा हैं और कार्रवाई धीमी है।
