पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस बात पर ज़ोर दिया है कि जी-20 को महत्वाकांक्षा और क्रियान्वयन के बीच एक सेतु का काम करना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि प्रत्येक राष्ट्र के योगदान का सम्मान हो और प्रत्येक राष्ट्र की क्षमता में वृद्धि हो। वे कल दक्षिण अफ्रीका में जी-20 जलवायु एवं पर्यावरणीय स्थिरता कार्य समूह की मंत्रिस्तरीय बैठक के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
अपने संबोधन में, मंत्री महोदय ने कहा कि देश जैव विविधता एवं संरक्षण पथ में प्रस्तावित पारिस्थितिकी तंत्र-आधारित दृष्टिकोणों, सहभागी कार्यान्वयन और भूदृश्य-स्तरीय संरक्षण मॉडलों में सच्चा विश्वास रखता है और उनका समर्थन करता है। उन्होंने जैव विविधता को वस्तु के रूप में बेचने में सावधानी बरतने की आवश्यकता पर भी बल दिया और इसकी गहन जाँच का आह्वान किया। श्री यादव ने कहा कि भारत समता और साझा लेकिन विभेदित उत्तरदायित्वों को कायम रखते हुए जलवायु और विकास को एकीकृत करने का समर्थन करता है।
श्री यादव ने आगे कहा कि सार्थक और ठोस परिणाम प्राप्त करने के लिए समग्र समाज दृष्टिकोण और व्यक्तियों द्वारा ग्रह-समर्थक जीवनशैली के विकल्प प्रासंगिक होंगे। मंत्री महोदय ने मूल सिद्धांतों पर वापस लौटने की प्रासंगिकता और भविष्य की यात्रा के साथ इसे एकीकृत करने के महत्व का भी उल्लेख किया, जैसा कि पिछले वर्ष जी-20 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेखांकित किया था।
