बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 20 जिलों की 122 सीटों पर कुल 1,302 उम्मीदवार मैदान में हैं। कल नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख थी और 70 उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र वापस ले लिए। कुल 1,761 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिनमें से 1,372 जांच के बाद वैध पाए गए। दूसरे चरण के लिए, जहाँ 11 नवंबर को मतदान होगा, 389 नामांकन पत्र जांच के दौरान खारिज कर दिए गए।
बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सबसे अधिक 22-22 उम्मीदवार तीन विधानसभा क्षेत्रों – गया जिले के गया टाउन, रोहतास के सासाराम और कैमूर जिले के चैनपुर विधानसभा क्षेत्र – में चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, सबसे कम पाँच-पाँच उम्मीदवार तीन विधानसभा क्षेत्रों – सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज, पूर्वी चंपारण जिले के लौरिया और सुगौली – में चुनाव लड़ रहे हैं।
