आंध्र प्रदेश और ओडिशा कल चक्रवात मोन्था के आने की तैयारी कर रहे हैं। इसके काकीनाडा के पास मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच आंध्र के तट पर आने की संभावना है। आंध्र के कम से कम पाँच ज़िले – काकीनाडा, पूर्वी गोदावरी, कोनासीमा, एलुरु और पश्चिमी गोदावरी – कई आपातकालीन उपायों के साथ पूरी तरह तैयार हैं। इनमें संवेदनशील क्षेत्रों से लोगों को निकालना, स्कूल बंद करना और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह देना शामिल है। काकीनाडा में, अधिकारियों ने होप द्वीप से लोगों को सुरक्षित क्षेत्रों में पहुँचाना शुरू कर दिया है। भारी बारिश की आशंका के चलते 27 से 31 अक्टूबर तक स्कूल बंद रहेंगे।
ओडिशा में, अधिकारियों ने आठ जिलों को रेड ज़ोन घोषित किया है। इन जिलों में मलकानगिरी, कोरापुट, नबरंगपुर, रायगढ़, गजपति, गंजम, कंधमाल और कालाहांडी शामिल हैं। इन इलाकों में मंगलवार और बुधवार को अत्यधिक भारी बारिश के साथ सबसे ज़्यादा असर पड़ने की आशंका है।
