प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भारत समुद्री सप्ताह 2025 में भाग लेने के लिए मुंबई में होंगे। वह समुद्री नेताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे और वैश्विक समुद्री सीईओ फोरम की अध्यक्षता करेंगे। एक सोशल मीडिया पोस्ट में, श्री मोदी ने कहा कि यह सम्मेलन समुद्री क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने और उसमें भारत के सुधारों को उजागर करने का एक बेहतरीन मंच है।
इस बीच, एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि श्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत के समुद्री क्षेत्र ने केवल 11 वर्षों में अपनी बंदरगाह क्षमता को लगभग दोगुना कर दिया है, जिससे साबित होता है कि भारत न केवल गति बनाए रख रहा है, बल्कि वह नेतृत्व भी कर रहा है।
“भारत समुद्री सप्ताह 2025 के दूसरे दिन बंदरगाहों के परिवर्तन के वाहक बनने, समुद्री सुरक्षा, अंतर्देशीय व्यापार को पुनर्जीवित करने और वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं को मज़बूत बनाने जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा हुई। कर्नाटक और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों पर विशेष ध्यान दिया गया, जबकि स्वीडन और नॉर्वे को विशेष देश माना गया।”
आज नौवहन महानिदेशालय के एक स्टॉल का भी उद्घाटन किया गया, जिसमें नौवहन क्षेत्र में समुद्री शिक्षा, नाविक कल्याण और नवाचार को बढ़ावा देने वाली प्रमुख पहलों पर प्रकाश डाला गया। आज हस्ताक्षरित अनेक समझौता ज्ञापनों में, पारादीप बंदरगाह प्राधिकरण ने एक लाख छह हज़ार 300 करोड़ रुपये (1,06,300 करोड़ रुपये) के छह प्रमुख समझौतों पर हस्ताक्षर किए, जिनसे इसके बुनियादी ढाँचे और हरित हाइड्रोजन परियोजनाओं को बढ़ावा मिलने की संभावना है।
इस बीच, आज तमिलनाडु स्थित वीओसी बंदरगाह पर विशेष ध्यान दिया गया। वीओसी बंदरगाह प्राधिकरण के अध्यक्ष सुशांत कुमार पुरोहित ने कहा कि इस बंदरगाह को इसकी रणनीतिक स्थिति और पवन ऊर्जा उत्पादन की प्रबल क्षमता के कारण भविष्य के लिए तैयार हरित बंदरगाह के रूप में स्थापित किया जा रहा है।
