तालिबान के एक प्रवक्ता ने आज घोषणा की कि भारत ने मलेरिया, डेंगू और लीशमैनियासिस जैसी वेक्टर जनित बीमारियों से निपटने में मदद के लिए अफगानिस्तान को 16 टन से अधिक दवाइयां भेजी हैं।
तालिबान के प्रवक्ता शराफत ज़मान ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ये दवाइयाँ और डायग्नोस्टिक किट अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रीय मलेरिया और अन्य वेक्टर जनित रोग निवारण कार्यक्रम में मदद करेंगी। उन्होंने आगे कहा कि यह नवीनतम दान अफ़ग़ानिस्तान के साथ भारत की दीर्घकालिक साझेदारी और विकासात्मक सहयोग को दर्शाता है।
अफ़ग़ानिस्तान के जन स्वास्थ्य मंत्रालय ने भारत सरकार की समय पर और बहुमूल्य सहायता के लिए आभार व्यक्त किया। मंत्रालय ने कहा कि ये दवाइयाँ और डायग्नोस्टिक किट जन स्वास्थ्य के बुनियादी ढाँचे को बेहतर बनाने और विशेष रूप से कमज़ोर और उच्च जोखिम वाले समुदायों में प्रभावी रोग नियंत्रण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
काबुल को भारत की चिकित्सा सहायता पिछले महीने अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मावलवी अमीर खान मुत्ताकी की नई दिल्ली यात्रा के बाद आई है।
