भारतीय मौसम विभाग ने आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज के साथ बारिश और तेज़ हवाओं का अनुमान लगाया है। मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर भी आज इसी तरह की स्थिति रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने अंडमान सागर, पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों और उससे सटे उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में भी तूफानी मौसम की भविष्यवाणी की है।
दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता लगातार बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, सुबह 7 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 319 दर्ज किया गया। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की उप-समिति ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP-2) के तहत पहले ही प्रतिबंध लगा दिए हैं।
0 से 50 के बीच वायु गुणवत्ता सूचकांक अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब और 301 से 400 के बीच बहुत खराब माना जाता है। 401 से 450 के बीच एक्यूआई गंभीर माना जाता है।
