नई दिल्ली। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आम आदमी पार्टी (आआपा) पर आरोप लगाया कि उसने सत्ता में रहने के दौरान दिल्ली में प्रदूषण की रोकथाम के लिए कोई काम नहीं किया, बस हवा में जहर फैलाने का काम किया। आआपा सरकार की 10 साल की बर्बादी को 7 महीनों में ठीक नहीं किया जा सकता, लेकिन भाजपा सरकार स्थिति सुधारने के लिए प्रयासरत है।
सिरसा ने सोमवार को एक्स पर पोस्ट एक वीडियो में कहा कि आआपा ने सिर्फ अपनी नाकामियों को राजनीति, प्रचार और प्रोपेगंडा से ढकने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में दिल्ली में हो रहे अच्छे कामों से इन लोगों को दिक्कत हो रही है। इनको यह बर्दाश्त नहीं हो रहा कि 7 महीनों की हमारी सरकार प्रदूषण की रोकथाम के लिए लगातार कदम उठा रही है जिससे प्रदूषण कम किया जा सके। सिरसा ने कहा कि आआपा के लोग बवाना में खुद के लगाए गए एक्यूआई मॉनिटरिंग स्टेशन पर सवाल उठा रहे हैं कि हमने उसे जंगल में लगा दिया। 100 करोड़ रूपये इन्होंने ऑड-ईवन योजना पर लगा दिए मगर प्रदूषण की रोकथाम के लिए कोई काम नहीं किया। सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा था की दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति को प्रदूषण नियंत्रण के लिए इन्होंने एक रूपया भी नहीं दिया था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अगुवाई में हम प्रदूषण से निजात दिलाने के लिए हर मुमकिन कोशिश करते रहेंगे।
