नई दिल्ली। राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के रामजस कॉलेज में सोमवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता डीयू के कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने की। इस अवसर पर डीन ऑफ कॉलेज प्रो. बलराम पाणी विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि वंदे मातरम का एक-एक शब्द मां को समर्पित है और मां कभी सांप्रदायिक नहीं हो सकती। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने सामूहिक रूप से विद्यार्थियों और समूचे दिल्ली विश्वविद्यालय परिवार के साथ स्वदेशी संकल्प की शपथ भी ली।
धर्मेंद्र प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि 150 साल पहले “वंदे मातरम” गीत की रचना की गई थी। 19वीं सदी में भारत को बहुत सारी परिस्थितियों से गुजरना पड़ा। सभी जगह विद्रोह का माहौल बना हुआ था, 1857 भी इसकी एक घटना मात्र है। देश के विभिन्न भागों में उससे पहले भी विद्रोह की घटनाएं हुई हैं।
उन्होंने कहा कि नागरिकों ने एक लंबी लड़ाई के बाद 1947 में देश को आजाद करवाया। ये आजादी एकाएक एक क्षण में नहीं आई, बल्कि अनेक प्रयासों के बाद मिली। उस स्थिति में जो मुख्य घटनाएं हुई, उसी दौरान राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने के लिए बंकिम चंद्र चटर्जी के द्वारा लिखी गई आनंद मठ की ये कविता “वंदे मातरम” चेतना की वाहक है जिसने देश को एकत्रित किया।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि ये “वंदे मातरम” भारतीयों के लिए कालजयी रचना है। काल निर्पक्ष है-काल सापक्ष है। “वंदे मातरम” की जो भावना है और उसमें जो प्रेरणा है वह सभी समय में हमारे लिए प्रासंगिक है। आने वाले 22 साल में भारत आजादी की शताब्दी मनाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लक्ष्य रखा है कि 2047 तक देश विकसित होना चाहिए।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि “वंदे मातरम” के गान की आवश्यकता इसलिए पड़ी है कि दुनिया में भारत देश को एक बार फिर से मजबूत करना है और उसमें दिल्ली विश्वविद्यालय की एक प्रमुख भूमिका है।
उन्होंने कहा कि आजाद भारत में “वंदे मातरम” का पूर्णांग गायन नहीं हो पाया। अब भारत सरकार ने निर्णय किया है कि अब से “वंदे मातरम” का पूर्णांग गायन होगा। इसको जन आंदोलन में परिवर्तित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी निर्णय से यह जन आंदोलन में परिवर्तित नहीं होगा, अगर यह जन के अंदर, विद्यार्थियों के अंदर और नई पीढ़ी के अंदर बैठ जाएगा, तभी यह जन आंदोलन में परिवर्तित होगा।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए डीयू कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने बताया कि डीयू में साल भर “वंदे मातरम” पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान डीयू के सभी कॉलेजों में कार्यक्रम आयोजित होंगे। डीयू कुलपति ने कहा कि “वंदे मातरम” 150 वर्ष का हो गया है। ये 150 वर्ष कैसे रहे- ये वर्ष राष्ट्रीय चेतना के वर्ष, बदलते भारत के वर्ष, अंधेरे से उजाले के वर्ष, अंग्रेजों से छुटकारे के वर्ष और भारत के संघर्ष के वर्ष रहे हैं। ये 150 वर्ष की जो संघर्ष की यात्रा रही है, “वंदे मातरम” उसका उद्घोष रहा है।
इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार का आभार प्रकट करते हुए कहा कि उन्होंने इस कालजयी गीत को देशवासियों के मनों के नजदीक लाने का काम किया है। कुलपति ने कहा कि “वंदे मातरम” राष्ट्र प्रेम की भावना है और राष्ट्र भक्ति का मंत्र है।
इस कार्यक्रम के दौरान रामजस कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. अजय अरोड़ा और वाइस प्रिंसिपल प्रो. रुचिका वर्मा सहित अनेकों कॉलेजों के प्रिंसिपल, डीयू के अधिकारी, शिक्षक और अनेकों विद्यार्थी उपस्थित रहे।
