Screenshot
नई दिल्ली। केंद्र सरकार द्वारा दूरसंचार पेंशनरों की सुविधा के लिए 11 नवंबर से 24 नवंबर तक दिल्ली एनसीआर में जीवन प्रमाण शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों से दूरसंचार विभाग के प्रधान संचार लेखा नियंत्रक द्वारा किया जा रहा है। इस पहल से पेंशनरों को जीवन प्रमाण पत्र से जुड़ी सभी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। केंद्रीय संचार मंत्रालय के अनुसार, शिविरों का आयोजन, दिल्ली के संचार लेखा भवन, प्रसाद नगर, ईस्टर्न कोर्ट जनपथ सहित एमटीएनएल और बीएसएनएल के विभिन्न कार्यालय परिसरों में किया जा रहा है। पेंशनर अपने निकटतम केंद्र पर पहुंचकर जीवन प्रमाण पत्र का सत्यापन और अन्य सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। यह द्वारका, रोहिणी, दिल्ली कैंट, जनकपुरी, हौज खास, राजौरी गार्डन और नजफगढ़ (दिल्ली) के साथ-साथ गुरुग्राम, नोएडा और गाजियाबाद के बीएसएनएल कार्यालयों में होगा। शिविरों में पेंशनरों के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने का प्रशिक्षण, जीवन प्रमाण चेहरे से सत्यापन ऐप के उपयोग की जानकारी, केवाईपी प्रपत्र जमा करने की सुविधा (एक फोटो और आधार कार्ड की प्रति आवश्यक) तथा शिकायत या प्रश्न दर्ज कराने की सुविधा उपलब्ध होगी।
